प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी को धमकी

 


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी को धमकी


ई दिल्ली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के मोबाइल पर शुक्रवार रात एक अनजान शख्स ने धमकी दी। उनके व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर लिखा है कि ‘हद में रहो...बार-बार नहीं समझाऊंगा।’ तिवारी ने आरोप लगाया कि यह काम तब्लीगी जमात का हो सकता है। यह भी संभव है कि आप विधायक अमानतुल्लाह खान के ट्वीट को देखकर यह धमकी दी जा रही हो। तिवारी ने पुलिस में यह शिकायत दर्ज कराई है।


 

पिछले दिनों आप विधायक अमानतुल्लाह खान ने मुख्तार अब्बास नकवी और आरिफ मुहम्मद के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए ट्वीट कर कहा था कि मौलाना साद साहब जैसे बुजुर्ग क्या हैं और मरकज निजामुद्दीन में क्या होता है? जवाब में मनोज तिवारी ने कहा था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के विधायक भारत सरकार के मंत्री और राज्यपाल के लिए ऐसी ओछी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, यह निंदनीय है। इस पर प्रेस कांफ्रेंस कर जनता को बता दीजिए। एक अन्य ट्वीट में मनोज तिवारी ने यह भी कहा था कि जो देश के नागरिकों की जान को खतरे में डालेंगे उन्हें छोड़ेंगे नहीं। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाकर यह बता दिया है। मनोज तिवारी ने निजामुद्दीन मरकज मामले को एक साजिश बताया था और तब्लीगी जमात को बैन करने की मांग भी की है।
भाजपा ने यह भी कहा है कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे समय में जहां एक ओर पूरा देश कोरोना जैसी महामारी से लड़ रहा है तो दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के नेता नफरत के प्रोपेगेंडा को विस्तार करने में लगे हैं। मीडिया प्रभारी नीलकांत बक्शी ने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी द्वारा मास्क वितरण के पुराने वीडियो को आम आदमी पार्टी नेता संजय राघव सोशल मीडिया पर साझा कर उसका दुष्प्रचार कर रहे हैं। लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं। प्रदेश मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा ने कहा कि आप राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगी है और सोशल मीडिया पर गलत खबरें फैलाई जा रही हैं। आप नेता अपनी विकृत मानसिकता को दर्शा रहे हैं।